महराजगंज: जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को तहसील फरेंदा क्षेत्र की विभिन्न सहकारी समितियों का स्थलीय निरीक्षण कर उर्वरक की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोपलापुर दूबे, आनंदनगर और परसा बेनी सहकारी समितियों का दौरा किया और स्टॉक रजिस्टर, वितरण प्रणाली व किसानों को खाद उपलब्ध कराने की स्थिति की जानकारी ली।

 

सबसे पहले गोपलापुर दूबे समिति पहुंचकर जिलाधिकारी ने स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन किया और उपलब्ध खाद की मात्रा जांची। एआर कोऑपरेटिव ने बताया कि किसानों को टोकन के आधार पर पारदर्शी तरीके से खाद वितरित की जा रही है। इसके लिए लेखपाल, पुलिस और ब्लॉक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। डीएम ने समितियों में पेयजल व अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आनंदनगर और परसा बेनी समितियों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों के अभिलेखों की जांच की और लाइन में खड़े किसानों से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि जिले में पर्याप्त खाद उपलब्ध है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी वास्तविक जरूरत के अनुसार ही खाद खरीदें, क्योंकि आवश्यकता से अधिक खरीदने वालों और अवैध भंडारण करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: महराजगंज: एक एमटी से अधिक खाद खरीदने वालों की होगी जांच: जिलाधिकारी

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी फरेंदा और एआर कोऑपरेटिव को निर्देशित किया कि जहां भी भीड़ अधिक हो, वहां अतिरिक्त खाद की उपलब्धता कराते हुए समय पर आवंटन सुनिश्चित करें। साथ ही, कालाबाजारी या जमाखोरी की किसी भी घटना पर तत्काल कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री शैलेंद्र गौतम, एआर कोऑपरेटिव श्री सुनील कुमार गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने कहा कि पारदर्शी वितरण व्यवस्था ही किसानों तक समय पर खाद पहुंचाने का सबसे प्रभावी तरीका है, और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

You missed

error: Content is protected !!