“बाढ़ एक आपदा नहीं बने, इसके लिए हर स्तर पर सतर्कता और तैयारी जरूरी है” — संतोष कुमार, जिलाधिकारी

महराजगंज: भारी बारिश के बीच महराजगंज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने नौतनवा तहसील क्षेत्र के अराजी सुबाईन और अराजी जगपुर तटबंधों का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ के पूर्व तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तटबंधों की स्थिति, जलस्तर, और बाढ़ से निपटने के लिए किए गए कार्यों का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सिंचाई खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता ने बताया कि इस वर्ष पहली बार तटबंधों की सुरक्षा के लिए जियो टेक्सटाइल ट्यूब और बैग का उपयोग किया गया है, जिससे कटान रोकने में काफी मदद मिली है। 55 मिमी बारिश के बावजूद सभी तटबंध सुरक्षित बताए गए हैं।

जिलाधिकारी ने बाढ़ चौकियों को 24×7 सक्रिय रखने, तटबंधों पर पेट्रोलिंग रूट तय कर नियमित निगरानी रखने, और जलस्तर पर सतर्क निगाह बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने बाढ़ राहत सामग्रियों को चिन्हित स्थलों पर भंडारित करने और वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया।

उन्होंने उपजिलाधिकारी नौतनवा को संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों की सूची तत्काल तैयार करने, नावों व मल्लाहों की उपलब्धता अपडेट करने और राहत चौकियों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

इससे पहले जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक भी की, जिसमें रोहिन और महाव नदी से प्रभावित संभावित गांवों के त्वरित मूल्यांकन, सामुदायिक रसोई, राहत शिविर, और खाद्यान्न वितरण स्थलों को पूर्णतः सक्रिय रखने पर बल दिया गया।

बैठक में सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, सिंचाई विभाग के अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी समेत अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

You missed

error: Content is protected !!