महराजगंज ( Uptv ): विकास भवन सभागार में सोमवार को “नारी शक्ति वंदन सम्मेलन: पंचायत से पार्लियामेंट तक – निर्माण में नारी, नवभारत की तैयारी” विषयक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने किया। सम्मेलन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित महिलाओं ने गंभीरता और रुचि के साथ देखा।
मुख्य अतिथि चारू चौधरी ने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं परिवर्तन के युग की सशक्त साक्षी बन रही हैं। केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा नारी सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार से जुड़ी कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं को आरक्षण का लाभ देकर उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि नारी शक्ति अब केवल कागजों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे जमीनी स्तर पर साकार किया जा रहा है। महिलाओं को अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ सजग और साहसी बनने की जरूरत है। आज बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर महिलाओं के हित में चलाई जा रही योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 15 महिलाओं को प्रशस्ति पत्र और शॉल देकर सम्मानित किया गया, जिससे उपस्थित महिलाओं को प्रेरणा मिली।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी तन्मय, क्षेत्राधिकारी पुलिस सदर, महिला थाना प्रभारी, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, महिला कल्याण विभाग के काउंसलर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
