महराजगंज ( Uptv ): जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के साथ मधवलिया स्थित गोसदन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पशु शेड, वर्मी कंपोस्ट इकाई, गोबर गैस प्लांट तथा हरे चारे की उपलब्धता की स्थिति देखी।

जिलाधिकारी ने गोबर गैस प्लांट की मरम्मत में देरी पर नाराजगी जताते हुए एई जल निगम को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही जर्जर भवन को ध्वस्त करने और अनुपयोगी शेडों की मरम्मत कर उनमें गोवंश रखने के निर्देश दिए। उन्होंने गोसदन को पूर्ण क्षमता से संचालित करने पर जोर दिया।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि गोसदन में कुल 739 गोवंश संरक्षित हैं, जिनमें 559 नंदी और 180 गाय शामिल हैं। पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा, चोकर, पशु आहार और साइलेज उपलब्ध है। गोसदन की भूमि पर हरे चारे के लिए बाजरा, नेपियर और जई की खेती की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बीमार गोवंश के उपचार की जानकारी लेकर नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने फलदार वृक्षों के रोपण से अतिरिक्त आय बढ़ाने पर भी जोर दिया।

वर्मी कंपोस्ट उत्पादन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने इसके विपणन के लिए बेहतर मार्केट लिंक और गोकाष्ठ की बिक्री हेतु कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने गोसदन को आत्मनिर्भर एवं मॉडल केंद्र बनाने की संभावनाओं पर बल दिया।
