महराजगंज ( Uptv ): जनपद के कोठीभार थानाक्षेत्र में रोडवेज बस और बाइक की आमने – सामने की भीषण टक्कर से तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हे चिकित्सकों ने इलाज़ के दौरान मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार कोठीभार थानाक्षेत्र के सबया चिरैयाकोट पेट्रोल पंप के समीप निचलौल से सिसवा की ओर आ रही रोडवेज बस (संख्या: UP 53 FT 5852) और विपरीत दिशा से आ रही बाइक (संख्या: UP56 AA 1688) में आमने – सामने से जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़ टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनो युवक रोडवेज बस के निचे आ गए। तेज रफ़्तार बस ने तीनों युवकों को रौंद दिया। इस भीषण सड़क दुर्घटना में साहिल साहनी पुत्र डोमई, किशन साहनी पुत्र भीखम साहनी निवासीगण सोनबरसा , थाना कोठीभार व घुघली थानाक्षेत्र के टेढ़वा निवासी अमरीश साहनी पुत्र रामजियावन गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुँची कोठीभार पुलिस ने गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों को इलाज के लिए सिसवा सीएचसी भर्ती कराया जहाँ चिकित्सकों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी होते ही तीनो युवको के परिजनों में कोहराम सा मच गया।
