महराजगंज ( Uptv ): पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपदीय पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टेलीग्राम के माध्यम से लोगों को “कम समय में पैसा दुगुना-तिगुना” करने का झांसा देने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने निचलौल क्षेत्र से पांच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। मामले में चार अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, साइबर क्राइम थाना द्वारा संचालित “प्रतिबिम्ब पोर्टल/हॉट स्पॉट” अभियान के तहत की गई जांच में इस संगठित गिरोह का खुलासा हुआ। साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज एक शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई थी, जिसमें आगरा निवासी एक व्यक्ति से करीब 7 लाख रुपये की ठगी की गई थी।
जांच में सामने आया कि अभियुक्तों ने टेलीग्राम ग्रुप के जरिए पीड़ित को लालच देकर 3.25 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कराए। इसके बाद एटीएम और चेक के माध्यम से रकम निकाल ली गई। गिरोह के सदस्य फर्जी आधार कार्ड के जरिए अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाते थे और स्थानीय लोगों व जनसेवा केंद्र संचालकों को कमीशन का लालच देकर उनके खाते इस्तेमाल करते थे।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह का सरगना रवि प्रताप सिंह है, जो खातों की व्यवस्था करता था और प्रत्येक लेनदेन पर 2 से 2.5 प्रतिशत कमीशन देने का झांसा देता था। यह गिरोह पिछले करीब आठ महीने से सक्रिय था और कई वारदातों को अंजाम दे चुका है।

गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 7 मोबाइल फोन, 7 एटीएम कार्ड, फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासबुक, क्रेडिट कार्ड, एक नेपाली सीम कार्ड और एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया है।
इस संबंध में साइबर थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि जनपद में साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन माध्यमों पर “पैसा दुगुना-तिगुना” जैसे प्रलोभनों से बचें, किसी भी अनजान लिंक या निवेश प्रस्ताव पर भरोसा न करें और अपनी निजी बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाने को दें।

गिरफ्तारी/पुलिस संरक्षण मे लिए गये अभियुक्तगण का विवरण–
1. रवि प्रताप सिंह पुत्र मोतीलाल, निवासी पिपरिया, थाना निचलौल, उम्र 26 वर्ष, शिक्षा – बी.ए. (खाता नं0 कलेक्ट करना)
2. आकाश पटेल पुत्र कृष्णा पटेल, निवासी सिरौली वार्ड नं. 4, थाना निचलौल, उम्र 21 वर्ष, शिक्षा – 12वीं (खाता उपलब्ध कराने वाले सहयोगी)
3. विजय कुमार मौर्या पुत्र राधेश्याम मौर्या, निवासी वार्ड नं. 5, निचलौल, उम्र 33 वर्ष, शिक्षा – एम.ए. (खाता उपलब्ध कराने वाले सहयोगी)
4. आशीष पाण्डेय पुत्र पुरुषोत्तम पाण्डेय, निवासी वार्ड नं. 5, निचलौल, उम्र 26 वर्ष, शिक्षा – 12वीं(खाता उपलब्ध कराने वाले सहयोगी)
5. कार्तिकेय पटेल पुत्र सतेन्द्र पटेल, निवासी रौतार वार्ड नं. 4, थाना निचलौल, उम्र 22 वर्ष, शिक्षा – बी.कॉम(खाता उपलब्ध कराने वाले सहयोगी)
6. एक बाल अपचारी । (खाता उपलब्ध कराने वाले सहयोगी)
7. 04 अभियुक्त वांछित/फरार(खाता उपलब्ध कराने वाले सहयोगी)
