महराजगंज ( Uptv ): जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के उपरांत जनपद की निर्वाचक नामावली के अंतिम आलेख्य का प्रकाशन किया। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
https://youtu.be/pMX7_8gHd4g?si=xnq5nrjPwMVWpGW0
जिलाधिकारी ने सभी दलों को बधाई देते हुए कहा कि अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बूथ लेवल टीम के समन्वित प्रयासों से शत-प्रतिशत मतदाता सूची का सफल प्रकाशन संभव हो सका है। उन्होंने मतदाताओं से अधिकाधिक संख्या में सूची में नाम दर्ज कराने के लिए भी जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या 17,92,128 है। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार 315-फरेन्दा में 3,30,511, 316-नौतनवा में 3,27,187, 317-सिसवा में 3,64,498, 318-महराजगंज में 3,77,551 तथा 319-पनियरा में 3,92,381 मतदाता दर्ज किए गए हैं।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की प्रतियां भी उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
प्रभारी सहायक निर्वाचन अधिकारी श्री प्रमोद कुमार ने बताया कि कांग्रेस, भाजपा और सपा के प्रतिनिधियों को अंतिम सूची प्रदान कर दी गई है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री प्रशांत कुमार, अपर उपजिलाधिकारी प्रेमशंकर पाण्डेय सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
