महराजगंज ( Uptv ): भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय ड्रग तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना पुरन्दरपुर पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशे के लिए दुरुपयोग किए जाने वाले 5700 इंजेक्शन, एक कार, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर रानीपुर चौराहे पर घेराबंदी कर वाहन संख्या यूपी 53 एफएन 8304 को रोका गया। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 1900-1900 एम्पुल डायजेपाम, बुप्रेनॉर्फिन और प्रोमेथाजीन इंजेक्शन बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेन्द्र धरिकार उर्फ इलू (32) और आदित्य कुमार मिश्र (30) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पिछले छह महीनों से इन इंजेक्शनों की तस्करी कर नेपाल में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस के मुताबिक, ये दवाएं सामान्यतः चिकित्सीय उपयोग में आती हैं, लेकिन इनका मिश्रण कर “कॉकटेल ड्रग” के रूप में नशे के लिए इस्तेमाल किया जाता है, जो युवाओं में तेजी से फैल रहा है।

इस मामले में थाना पुरन्दरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी है। कार्रवाई में शामिल टीम को पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का पुरस्कार भी दिया गया है।
