महराजगंज ( Uptv ): गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक एस. चनप्पा ने गुरुवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के साथ भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्र सोनौली का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग व्यवस्था की गहन समीक्षा की।
इस दौरान डीआईजी ने सोनौली बॉर्डर पर निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सीमा पर तैनात पुलिस, एसएसबी एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।

डीआईजी ने अवैध तस्करी, मानव तस्करी एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए कड़ी निगरानी रखने, गश्त बढ़ाने एवं मुखबिर तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही चेकपोस्ट व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा सीमा पर तैनात भारतीय एवं नेपाली सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की बात कही।

उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और यहां सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना प्राथमिकता है। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी नौतनवां सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

