महराजगंज: निचलौल विकास खण्ड में होली पर्व के मौके पर “शुभकामना संदेश” के नाम पर कथित धन उगाही का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्राम प्रधानों और पंचायत सचिवों से क्लस्टरवार मोटी रकम लिए जाने के आरोप सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर खबर वायरल होते ही ब्लॉक कार्यालय में हड़कंप मच गया है और जांच की मांग तेज हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक, आरोप है कि एक क्लस्टर से करीब 25 हजार रुपये की वसूली की गई है। वही उदाहरणतः ब्लॉक में लगभग 20 क्लस्टर माने जाएं तो कुल रकम 5 लाख रुपये तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अब तक प्रशासन की ओर से इस पूरे मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि संबंधित ग्राम प्रधानों और सचिवों से यह कहकर धनराशि ली गई कि राशि होली के अवसर पर “शुभकामना संदेश” और अन्य स्थानीय व्यवस्थाओं के लिए दी जा रही है। त्योहारी के नाम पर सहयोग की परंपरा पहले भी रही है, लेकिन इस बार कथित रूप से संगठित तरीके से क्लस्टरवार राशि संग्रह की चर्चा ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि ब्लॉक के एक जिम्मेदार पदाधिकारी और सचिव स्तर से जुड़े कुछ लोगों के माध्यम से धनराशि एकत्र और वितरित की गई। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि के लिए अभी तक कोई दस्तावेज या आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
मामला उस समय और गरमा गया जब पूरी जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वायरल होने के बाद ब्लॉक कार्यालय में हलचल बढ़ गई। सूत्रों का यह भी दावा है कि खबर को आगे बढ़ने से रोकने के प्रयास किए गए, जिससे संदेह और गहरा गया है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने निष्पक्ष व पारदर्शी जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि क्लस्टरवार वसूली की पुष्टि होती है तो यह गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला हो सकता है। फिलहाल सबकी निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई और आधिकारिक बयान पर टिकी हैं।
