महराजगंज: जनपद के स्वास्थ्य विभाग में उस समय हड़कंप मच गया जब जिला अस्पताल से एक महिला मरीज को एक निजी अस्पताल के दलाल द्वारा बाइक पर ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

महिला मरीज के नाक में ऑक्सीजन की पाइप लगी थी और उसे गंभीर स्थिति में हायर सेंटर रेफर किया गया था। बावजूद इसके दलाल ने परिजनों को गुमराह कर मरीज को एम्बुलेंस की बजाय बाइक पर बैठाकर अपने निजी अस्पताल ले गया।

सूत्रों के अनुसार, महिला मरीज जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती थी। इस दौरान निजी अस्पताल के दलाल ने अस्पताल की व्यवस्था को लेकर परिजनों को बरगलाया और मरीज को अपने साथ बाइक पर बैठाकर मौके से फरार हो गया। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए यह मामला बेहद संवेदनशील बन गया है।

CMO ने CMS को जांच का दिया निर्देश

वीडियो वायरल होने के बाद मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने इसका तत्काल संज्ञान लिया और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. ए.के. द्विवेदी को मामले की जांच कर दलाल के खिलाफ विधिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।

CMS बोले— दोषियों पर होगी सख्त कार्यवाही

CMS डॉ. ए.के. द्विवेदी ने कहा कि अस्पताल परिसर में अवैध गतिविधियों पर समय-समय पर कार्रवाई की जाती है। वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी के निर्देश पर पहले से ही दो निजी अस्पतालों पर चल रही जांच

गौरतलब है कि जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा पूर्व में भी दो निजी अस्पतालों की शिकायत पर CMO को जांच के निर्देश दिए गए थे। अब इस ताजा वीडियो ने स्वास्थ्य महकमे की कार्यप्रणाली पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल

लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने जिला अस्पताल की निगरानी व्यवस्था और निजी अस्पतालों से मिलीभगत के आरोपों को बल दिया है। अब देखना यह होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में कितनी पारदर्शिता और सख्ती से कार्रवाई करता है।

You missed

error: Content is protected !!