महराजगंज। घुघली ब्लॉक के अंतर्गत स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उपकेंद्र) भिटौली की बदहाल स्थिति लोगों की चिंता का कारण बनी हुई है। भवन की छत कई जगह से उखड़ चुकी है और प्लास्टर गिरने से अंदर की ईंटें साफ दिखाई दे रही हैं। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि केंद्र पर रोजाना गर्भवती महिलाओं, बच्चों और अन्य मरीजों का इलाज व टीकाकरण के लिए आना-जाना लगा रहता है। जर्जर छत के नीचे मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को बैठना पड़ता है, जिससे हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है।
तस्वीरों में स्पष्ट देखा जा सकता है कि
भवन की छत का प्लास्टर बड़े हिस्से में टूटकर गिर चुका है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि भवन का तत्काल निरीक्षण कराकर आवश्यक मरम्मत या नए भवन की व्यवस्था कराई जाए, ताकि मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
