महराजगंज ( Uptv ) : सिन्दुरिया थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को सिंदुरिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस एवं पाक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना का विवरण :- पानी भरने गई नाबालिग के साथ आरोपी ने किया था दुष्कर्म
मिली जानकारी के मुताबिक़ नाबालिग किशोरी घर के बगल में पानी भरने गई थी, इसी दौरान पहले से वहां मौजूद आरोपी ने पीड़िता का हाथ पकड़कर जबरन अपने घर मे खिंच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया. पीड़िता जब रोते हुए घर लौटी तो उसने अपनी माँ को घटना की सारी जानकारी दी. जिसके बाद पीड़िता की माँ ने सिंदुरिया थाने पर आरोपी इरफ़ान के विरुद्ध तहरीर देकर कार्यवाई की मांग की.
मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्परता से की आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में सिंदुरिया पुलिस ने तहरीर के आधार तथा पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी इरफ़ान के विरुद्ध पॉस्को एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी की गिरफ्तारी में जुट गई.
थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि नाबालिग पीड़िता की बयान पर प्रभाव से मुकदमा पंजीकृत करते हुए आरोपी इरफान अली को गिरफ्तार कर लिया गया इस दौरान अभियुक्त की तलाशी में 310 रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके साथ ही पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक आलोक कुमार सिंह, महिला उपनिरीक्षक प्रियंका मौर्या, कांस्टेबल अमित कुमार तथा आरक्षी सन्नी शामिल रहे।
