महराजगंज: प्रदेश सरकार की गांव – गांव सड़को का जाल बिछाने का दावा इस वायरल वीडियो में दम तोड़ता दिख रहा है. बताया जा रहा है यह वीडियो घुघली ब्लॉक के बंसतपुर गांव के डीह टोले का है जिसे मॉडर्न गांव भी कहा जाता है, इस मॉडर्न गांव के वायरल इस वीडियो में एक वृद्ध की तबियत बिगड़ने पर सरकारी एंबुलेंस बुलाया गया. एंबुलेंस तो मिल गई किन्तु वृद्ध मरीज़ के दरवाज़े तक नही पहुँच सकी.
मरीज़ के परिजन हैरान परेशान होकर आस पड़ोस के लोगों को बुलाने लगे और एम्बुलेंस तक मरीज़ को पहुँचाने की गुहार लगाने लगे, आस पड़ोस के लोगो के सहयोग से वृद्ध मरीज को पहले घर से निकालकर एक चारपाई पर लिटाया गया उसके बाद 4 से 5 लोगो के सहयोग से मरीज को एम्बुलेंस तक पहुँचाया गया.

वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों के जेहन मे क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के प्रति रोष व्याप्त है. ग्रामीणों का कहना है कि सरकार गांव के गली – गली सड़के बिछाने का तो दावा कर रही है लेकिन ये सरकारी दावे धरातल पर खोखली साबित हो रहे है.
कच्ची सड़क होने के कारण आए दिन लोगो के आवागमन में काफ़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. इसके अलावा बारिश के मौषम में कच्ची सड़क होने के कारण आवागमन बाधित हो जाता है. दावा यह किया जा रहा है बंसतपुर गांव कागजो में एक मॉडर्न गांव के रूप दर्शाया गया है लेकिन धरातल पर यह सभी दावे खोखले व झूठे दिखाए जा रहे.

सरकार की आँखे खोलनी वाली यह तस्वीरें यह दर्शाती है कि सरकार के सभी आदेश व निर्देश तो आते है लेकिन अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण ग्रामीणों को अभी भी दंश झेलना पड़ रहा है.
वही इस वायरल वीडियो के संदर्भ में ग्रामप्रधान से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन संपर्क नही हो पाया. वही ग्रामविकास अधिकारी अवनीश वर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी है और उक्त सड़क के निर्माण के लिए प्रस्ताव कराया गया है जल्द ही सड़क निर्माण कराया जाएगा.
Note :- Uptv इस वायरल वीडियो के सत्यता की पुष्टि नही करता.
