नर्सों का तबादला

यूपी: सभी जिलों में नर्सों का तबादला निरस्त, गलत तबादले करने वाले 14 सीएमओ को नोटिस

यूपी: स्वास्थ्य विभाग में समूह ख में आने वाली नर्सों का तबादला आदेश निरस्त कर दिया गया है। सभी जिलों में नर्सेज अपनी मूल तैनाती वाले स्थल पर कार्य करती रहेंगी। उनका जुलाई का वेतन भी संबंधित जिले से ही जारी किया जाएगा। इस संबंध में सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों ने आदेश जारी कर दिया है।


स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न जिलों में समूह ख में आने वाली करीब 980 नर्सों का सीएमओ के स्तर से स्थानांतरण कर दिया था, जबकि उन्हें सिर्फ समूह ग तक के स्थानांतरण का अधिकार है। गलती का अहसास होने पर कुछ जिलों के सीएमओ ने आदेश निरस्त कर दिए, लेकिन ज्यादातर जिलों के सीएमओ अपने आदेश पर अड़े रहे।

ऐसे में नर्सें महानिदेशालय का चक्कर काटने लगीं। अब निदेशक पैरामेडिकल ने सभी सीएमओ को निर्देश दिया कि तत्काल प्रभाव से तबादला आदेश निरस्त किया जाए। इस पर सभी सीएमओ ने तबादला निरस्त करने संबंधित आदेश जारी कर दिए हैं। सूत्र बताते हैं कि अपनी गर्दन बचाने  के लिए ज्यादातर जिले में बैकडेट में आदेश जारी किए गए हैं। 

प्रदेश में समूह ख की नर्सों का तबादला करने वाले 14 सीएमओ को नोटिस जारी किया गया है। स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. लिली सिंह ने सभी को तीन दिन में जवाब देने के निर्देश दिए हैं। ये नोटिस जौनपुर, अंबेडकरनगर, उन्नाव, हमीरपुर, बलिया, कानपुर देहात, हरदोई, प्रयागराज, अमेठी, आजमगढ़, कौशांबी, कासगंज, गाजीपुर और गाजियाबाद के सीएमओ को जारी किए गए हैं। 

0Shares

You missed

error: Content is protected !!