महराजगंज। कांग्रेसी नेता एवं युवा हल्ला बोल के कार्यकारी अध्यक्ष गोविंद मिश्रा ने आरोप लगाया है कि उन्हें उनके ही निजी आवास पर हाउस अरेस्ट कर रखा गया है। उनके आवास पर सादे कपड़ों में पुलिस बल तैनात होने की बात सामने आई है। गोविंद मिश्रा का दावा है कि वोट चोरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए उन्हें दिल्ली जाने से रोकने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।
गोविंद मिश्रा फिलहाल महराजगंज स्थित अपने निजी आवास पर हैं। उनके मुताबिक, पिछले दो दिनों से पुलिस उनके घर पर तैनात है और उन्हें बाहर निकलने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने इस संबंध में पत्रकारों को व्हाट्सएप के माध्यम से अपना बयान भेजा है।
‘न कोई नोटिस, न लिखित आदेश, फिर भी घर से निकलने पर रोक’
गोविंद मिश्रा ने अपने बयान में कहा, “मुझे कल से मेरे ही घर में हाउस अरेस्ट कर रखा गया है। न कोई नोटिस, न कोई लिखित आदेश, न कोई स्पष्ट कारण, फिर भी पिछले दो दिनों से पुलिस मेरे घर पर डेरा डाले हुए है और मुझे बाहर निकलने नहीं दिया जा रहा।”
उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी के खिलाफ उठाई जा रही उनकी आवाज को पुलिस के पहरे के जरिए दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जितना दबाने की कोशिश करेगी, उनकी आवाज उतनी ही बुलंद होगी।
‘डरेंगे नहीं, झुकेंगे नहीं’ – गोविंद मिश्रा
कांग्रेस नेता ने अपने संदेश में विरोध का रुख स्पष्ट करते हुए कहा, “डरेंगे नहीं, झुकेंगे नहीं। लड़ेंगे और जीतेंगे।”
पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार, हाऊस अरेस्ट या सुरक्षा ?
इस पूरे मामले में अभी पुलिस का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि गोविंद मिश्रा के आवास पर पुलिस बल किस उद्देश्य से तैनात किया गया है। उन्हें हाउस अरेस्ट किए जाने या दिल्ली जाने से रोकने के आरोपों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल, गोविंद मिश्रा के आरोपों और पुलिस की तैनाती को लेकर स्थिति स्पष्ट होने के लिए प्रशासनिक पक्ष का सामने आना बाकी है।
