गोरखपुर में डॉक्टर दंपती का विवाद: पत्नी ने पति पर लगाए ब्लैकमेल, मारपीट और दूसरी शादी के आरोप
शाहपुर क्षेत्र की एक महिला डॉक्टर ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि एनेस्थेसियोलॉजिस्ट पति ने दहेज में फॉर्च्यूनर कार की मांग पूरी न करने पर नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया, न्यूड वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया और 32.50 लाख रुपये लिए। साथ ही बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने और जानलेवा हमला करने का भी आरोप लगाया गया है।
*शादी के बाद से शुरू हुआ विवाद*
शाहपुर की रहने वाली 35 वर्षीय महिला डॉक्टर वर्तमान में बस्ती में तैनात हैं। उनके अनुसार 29 नवंबर 2019 को उनकी शादी छत्तीसगढ़ के एक एनेस्थेसियोलॉजिस्ट से हुई थी। विदाई के अगले ही दिन से ससुराल में फॉर्च्यूनर कार न देने को लेकर ताने दिए जाने लगे।
महिला डॉक्टर के पिता इंजीनियर हैं और शादी में करीब 50 लाख रुपये खर्च किए गए थे। इसके बावजूद कार की डिमांड लगातार जारी रही।
*ब्लैकमेल कर वसूले 32.50 लाख*
पीड़िता का आरोप है कि पति कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें बेहोश कर देते थे। इसके बाद उनका न्यूड वीडियो बना लेते थे। इसी वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर 28 मार्च 2022 को मायके वालों से फॉर्च्यूनर खरीदने के लिए 32.50 लाख रुपये मंगवाए गए।
आरोप है कि इसके बाद भी प्रताड़ना बंद नहीं हुई। भारतीय डाकघर अलीनगर में जमा 20 लाख की एफडी तुड़वाकर उसमें से 10 लाख रुपये भी निकाल लिए गए।
*दूसरी शादी और जानलेवा हमले का आरोप*
महिला डॉक्टर का कहना है कि पति की नियुक्ति लखनऊ और उनकी बस्ती में हो गई। इसी दौरान उन्हें पता चला कि पति के अन्य महिलाओं से संबंध हैं। विरोध करने पर मारपीट और तलाक की धमकी दी जाती थी।
आरोप है कि 13 फरवरी 2025 को पति ने दूसरी महिला से शादी कर ली और उसके साथ महाराष्ट्र पुणे हनीमून पर भी गए। 7 मई 2026 को विरोध करने पर ससुराल वालों ने गले में रस्सी बांधकर पंखे से लटकाने की कोशिश की। रस्सी टूटने से जान बची। इसके बाद दोनों बच्चों के साथ उन्हें घर से निकाल दिया गया।
*पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा*
12 जुलाई 2026 को ससुराल वाले शाहपुर स्थित मायके पहुंचे और तलाक के कागज पर हस्ताक्षर का दबाव बनाया। मना करने पर मारपीट हुई जिसमें महिला घायल हो गईं।
शाहपुर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर हत्या के प्रयास, दहेज उत्पीड़न, बिना तलाक दूसरी शादी और मारपीट की धाराओं में पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
