महराजगंज ( Uptv ): नेपाल राष्ट्र के प्युठान जिले में एक भीषण सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के दो तीर्थयात्रियों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हो गए।
मृतकों में एक तीन वर्षीय मासूम बच्ची और एक महिला शामिल हैं। वही घायलों में से सात की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसा उस वक्त हुआ जब भारतीय तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक माइक्रो जीप अनियंत्रित होकर करीब 50 से 60 मीटर गहरी खाई में गिर गई।
अनियंत्रित होकर 50 से 60 मीटर नीचे गिरी यात्रियों की गाड़ी
मिली जानकारी के अनुसार, लु 1 ज 3175 नंबर की माइक्रो जीप प्युठान के भिंगरी से प्रसिद्ध धार्मिक स्थल स्वर्गद्वारी मंदिर की ओर जा रही थी। प्युठान जिला प्रहरी कार्यालय के डीएसपी दिपेश बस्याल ने बताया कि स्वर्गद्वारी नगरपालिका-4 स्थित टाकुरा के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। ढलान और संकरे रास्ते पर गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
3 वर्षीय मासूम व महिला की मौत
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय पुलिस और बचाव दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस दुर्घटना में 3 वर्षीय काब्या मौर्या की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल करीब 18 लोगों को बुटवल स्थित लुम्बिनी सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान 30 वर्षीय निर्मला मौर्या ने दम तोड़ दिया। घायलों में से 7 लोग वर्तमान में आईसीयू (ICU) में गंभीर स्थिति मे है।
महराजगंज के भिटौली क्षेत्र के रहने वाले हैं पीड़ित
हादसे का शिकार हुए सभी तीर्थयात्री उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के भिटौली थानाक्षेत्र के सेमरा राजा के निवासी हैं।
घायलों में संजीता मौर्या, रामउदय, लक्ष्मी, दुर्गा, मेसा, पूजा, आलोक, शेवनाथ, प्रीति, शिवास, कितिकी, सेलहन्ता, करन, मीरा, नरेश चौधरी, अंकित चौधरी, अरबिन्द राय, संध्या राय और आयूष मौर्या शामिल हैं।
प्रशासन ने तेज की राहत और बचाव कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी के नेतृत्व मे महराजगंज जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। प्रशासन की ओर से वविभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी के निर्देशन में महराजगंज से एम्बुलेंस एवं एस्कॉर्ट टीम को तत्काल नेपाल के लिए रवाना कर दिया गया है। वही स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम, सीओ और थाना प्रभारी को घटनास्थल के लिए भेजा गया है।
वही भारतीय दूतावास और स्थानीय नेपाली प्रशासन के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था की जा रही है।
वही जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निरंतर नेपाल प्रशासन और दूतावास के साथ संपर्क में हैं। घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है। जिला प्रशासन की टीम मौके पर मदद के लिए पहुंच रही है।
वही उक्त घटना का संज्ञान लेते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है इसके साथ ही मृतकों के शव जल्द परिजनों तक पहुंचाने के निर्देश दिए है।
वही मृतकों के परिजनों को 2 – 2 लाख रुपए देने के निर्देश भी जारी किया गया है।
