महराजगंज ( Uptv ) : डीएम व सीडीओ ने मदनपुरा अस्थाई गौआश्रय स्थल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए गोआश्रय स्थल में संचालित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

 

डीएम संतोष कुमार शर्मा व सीडीओ महेंद्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से मंगलवार को मिठौरा ब्लॉक के मदनपुरा अस्थाई गोआश्रय स्थल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान डीएम ने गोवंश शेड, पशु आहार कक्ष एवं भूसा कक्ष का निरीक्षण करते हुए संरक्षित गोवंश की संख्या की जानकारी ली। 

मिठौरा बीडीओ ने डीएम को दी जानकारी

मिठौरा खण्ड विकास अधिकारी राहुल सागर ने डीएम को जानकारी देते हुए बताया कि गोआश्रय स्थल में कुल 43 गोवंश संरक्षित हैं। साथ ही 106 कुंतल भूसा, 25 बोरी पशु आहार, 42 बोरी चोकर  तथा 5 बोरी साईलेज उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त 750 डिसमिल भूमि में हरा चारा बोया गया है, जिससे पशुओं के लिए नियमित चारे की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

परिसर का निरीक्षण कर वर्षा ऋतु में गोवंशों को दलदली से बचाने का निर्देश

निरीक्षण के क्रम में डीएम ने पूरे परिसर में छाया हेतु फलदार वृक्ष लगाने तथा वर्षा ऋतु में परिसर को दलदली होने से बचाने के लिए घास रोपित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही गोआश्रय स्थल में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता का जायजा लिया, निरीक्षण मे सभी सीसीटीवी कैमरे संचालित पाए गए।

बीमार गोवंशों का प्राथमिक तौर पर दे ध्यान – डीएम

डीएम ने बीमार गोवंश की जानकारी ली इस दौरान गोआश्रय में मात्र एक गोवंश बीमार पाया गया। ऐसे मे डीएम ने बीमार गोवंश का प्राथमिक तौर पर देखभाल करते हुए पशु चिकित्सकों व कर्मियों के द्वारा समय समय पर परीक्षण कराने का निर्देश दिया।

मृत गोवंशों का गरिमापूर्ण निस्तारण व पक्षियों के हमले से बचाने का निर्देश

डीएम ने किसी भी मृत गोवंश का शव गरिमापूर्ण  निस्तारण किया जाने का निर्देश देते हुए कमजोर गोवंशों को पक्षियों के हमलों से बचाने हेतु गोवंश शेड के चारों ओर जाल लगवाने का निर्देश दिया। 

गोआश्रय स्थल में 24 घण्टे केयर टेकरो की उपस्थिति सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों व कर्मियों को निर्देशित करते हुए बताया कि गोआश्रय स्थल में 24 घंटे केयर टेकर की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान सोलर पैनल एवं अन्य व्यवस्थाएं भी सुचारू रूप से क्रियाशील पाई गईं। केयर टेकर मौके पर उपस्थित मिले तथा गोवंश की स्थिति संतोषजनक पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने समग्र व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

इस अवसर पर मिठौरा खण्ड विकास अधिकारी राहुल सागर, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

You missed

error: Content is protected !!