महराजगंज : जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोठीभार थाना क्षेत्र के रानीपुर मझौवा निवासी प्रिंस यादव ने चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर, रिकवरी एजेंटों व कर्मचारियों पर मारपीट कर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
प्रिंस यादव के अनुसार उनके भाई के नाम से मारुति एक्सप्रेसो कार (नंबर UP 58 AU 0742) चोला मंडलम फाइनेंस से लोन पर खरीदी गई थी, जिसकी किस्तें नियमित रूप से जमा की जा रही थीं। आरोप है कि 27 फरवरी 2026 को गाड़ी गोरखपुर के पैडलेगंज से नौसढ़ की ओर जा रही थी, तभी 6-7 लोगों ने रास्ते में गाड़ी रोक ली और खुद को कंपनी का रिकवरी एजेंट बताते हुए वाहन अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान उनके रिश्तेदार से कथित रूप से 8 हजार रुपये भी वसूल लिए गए।
पीड़ित का आरोप है कि जब वह उसी दिन महराजगंज स्थित चोला मंडलम ऑफिस पहुंचकर मैनेजर अनिल शर्मा से शिकायत करने गए तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रिंस यादव का कहना है कि आरोपियों ने उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। शोर मचाने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब एक सप्ताह तक इलाज चला। 5 मार्च 2026 को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पीड़ित घर लौटे और कुछ राहत मिलने पर अब थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने तहरीर में आरोप लगाया है कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
वही उक्त गंभीर प्रकरण में Uptv की टीम ने जब चोला मण्डलम फाइनेंस कंपनी के महराजगंज ब्रांच मैनेजर से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया तो उक्त दौरान मैनेजर की कुर्सी खाली नजर आई इसके साथ ही फोन कॉल भी रिसीव नही हुआ।
