महराजगंज: जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में बुधवार देर रात मानवता को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई। सिंदुरिया थाना क्षेत्र की एक किशोरी ने ट्रामा सेंटर के टॉयलेट में बच्चे को जन्म दिया। जन्म के तुरंत बाद किशोरी की माँ ने घबराहट में नवजात को कपड़े में लपेटकर टॉयलेट से बाहर लाकर पास की नाली में फेंक दिया और उसे पैर से दबाकर मारने का प्रयास करने लगी। तभी ड्यूटी पर तैनात सफाईकर्मी की नजर उस पर पड़ गई। वह तत्काल दौड़कर मौके पर पहुंचा, महिला को धक्का देकर बच्चे को नाली से बाहर निकाला और स्वास्थ्य कर्मियों को सूचना दी।
स्वास्थ्य कर्मियों ने फौरन नवजात को बचाने की कोशिश की और SNCU वार्ड में भर्ती कराया, जहां उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। शिशु की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं बच्चे को जन्म देने वाली किशोरी को महिला अस्पताल के लेबर रूम में भर्ती किया गया है।
पूछताछ में पता चला कि किशोरी के ही एक रिश्तेदार में उसके साथ शारिरिक संबंध बनाया था जिसके कारण किशोरी गर्भवती हुई थी।
सिंदुरिया पुलिस ने आरोपी रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया है। परिवार “लोकलज्जा” के चलते बात छिपाने में जुटा हुआ है।
सीएमएस डॉ. ए.के. द्विवेदी ने बताया कि नवजात की स्थिति नाजुक है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया है।
