महराजगंज: जनपद के निचलौल तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने फरियादियों की जनसमस्याओं को सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 105 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 17 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के सुपुर्द करते हुए निर्धारित समय सीमा में निराकरण का निर्देश दिया गया।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने विगत समाधान दिवस के रैंडम फीडबैक की समीक्षा की। शिकायतकर्ता इंद्रासन पुत्र मानिक द्वारा पैमाइश के बाद भी पत्थर न लगने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल सुभाष प्रसाद पटेल से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश जारी किए।

जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस और विकास विभाग से अधिक शिकायतें आने पर संयुक्त टीम बनाकर स्थलीय सत्यापन और स्पॉट मेमो तैयार करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया पारदर्शी हो और अधिकारी स्वयं इसकी मॉनिटरिंग करें।

कार्यक्रम में हेल्प डेस्क, आयुष्मान डेस्क, कृषि व खाद्य रसद विभाग द्वारा पंजीकरण एवं योजनाओं का लाभ दिलाया गया, जिसका फरियादियों ने स्वागत किया। इससे पहले जिलाधिकारी ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में सीएमओ, एसडीएम, डीडीओ सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
