महराजगंज: आस्था और लोकपरंपरा के महापर्व छठ पूजा पर सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने सोमवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ सूर्य उपासना में हिस्सा लिया। वे अपने निवास स्थान से पत्नी एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुनीता कन्नौजिया और परिवारजनों के साथ छठ का दउरा (छठ डाल) सिर पर रखकर निकले और पैदल यात्रा करते हुए नगर स्थित छठ घाट पहुंचे।

रास्ते भर भक्तगण पारंपरिक छठ गीत गाते हुए चल रहे थे और विधायक ने भी आम श्रद्धालुओं की तरह परंपरा का पालन किया।

छठ घाट पहुंचकर विधायक ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य अर्पित कर प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि छठ पर्व भारतीय संस्कृति की जीवंत मिसाल है, जो अनुशासन, आस्था और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। सूर्य देव और छठी मैया की उपासना से शक्ति, स्वास्थ्य और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

नगर पालिका द्वारा घाटों पर सुरक्षा, सफाई और प्रकाश व्यवस्था की विशेष तैयारियां की गई थीं। मौके पर अधिकारी भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में महिला व्रतधारी, पुरुष और बच्चे इस अवसर पर उपस्थित रहे। दीपों की जगमगाहट और गूंजते छठ गीतों से पूरा माहौल भक्ति और लोकसंस्कृति की रंगत में रंगा नजर आया।

error: Content is protected !!