महराजगंज: रुधौली भावचक में आज सुबह क़रीब 8 बजे बिजली ठीक कर रहे लाइन मैन की करंट के चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई. मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने सूचना मिलते ही जिला अस्पताल के समीप पहुँच जमकर हंगामा काटते हुए महराजगंज – फरेंदा सड़क जाम कर दिया.
कोतवाली थानाक्षेत्र के ग्रामसभा बड़हरा रानी के छावनी टोला निवासी नीरज सिंह पुत्र महेंद्र सिंह बुधवार की सुबह करीब 8 बजे थानाक्षेत्र के रुधौली भावचक में बिजली ठीक करने गए थे. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार लाइनमैन शट डाउन लेकर बिजली ठीक करने के कार्य मे जुटे थे. आरोप है कि बिना किसी सूचना के फीडर ने बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जिससे लाइन मैंन करंट की चपेट में आ गया जिससे मौके पर ही 21 वर्षीय नीरज की मौत हो गई.
लाइनमैन नीरज सिंह की मौत का खबर सुनते ही ग्रामीणों में कोहराम मच गया. आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने जिला अस्पताल के समीप महराजगंज – फरेंदा रोड पर बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जामकर जमकर हंगामा काटा. सड़क जाम होने से करीब आधे घण्टे आवागमन बाधित रहा.
ये भी पढ़ें: महराजगंज में पशु क्रूरता: 88 बकरों से लदी पिकअप समेत दो व्यक्तियों को पुलिस ने पकड़ा
वही सड़क जाम किये परिजनों व ग्रामीणों को समझाने के दौरान महिलाओं ने पुलिस कर्मियों पर भी दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. मौके पर पहुँचे सदर उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार के अथक प्रयास व लगातार समझाने – बुझाने के बाद सड़क जाम से मुक्ति मिली जिसके बाद आवागमन सुचारू रूप से चालू हुआ.
परिजनों व ग्रामीणों ने जिला अस्पताल के बाहर बैठ बिजली विभाग पर आरोप लगाते हुए बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग रखी. आरोप है कि हंगामे के दौरान तक बिजली विभाग का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नही पहुचा
सदर कोतवाली थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के परिजनों से संवाद करते हुए जाम खत्म कराया गया इसके साथ ही मामले की जाँच की जाएगी.
