वन विभाग के कार्यक्रम में वन ग्राम चंदन चाफी पहुंचे विधायक, 800 पौधों का हुआ रोपण
महराजगंज ( पनियरा ): गोरखपुर वन प्रभाग की बांकी रेंज के तहत शुक्रवार को वन ग्राम चंदन चाफी में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह और डीएफओ विकास यादव ने पौधारोपण कर मुहिम की शुरुआत की।
इस मौके पर ट्री गार्ड सहित विभिन्न प्रजातियों के 800 पौधे लगाए गए, जिसमें रामकुमार इंटर कॉलेज के छात्र, ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा,
“वृक्षारोपण पर्यावरण की रक्षा के लिए जरूरी है। वन टांगिया समाज को सरकार सभी मूलभूत सुविधाएं दे रही है। सभी लोग एक-एक पौधा जरूर लगाएं और उसे सुरक्षित भी रखें।”
वहीं, डीएफओ विकास यादव ने कहा,
“एकलव्य वन की स्थापना के उद्देश्य से आज 800 पौधे ट्री गार्ड सहित लगाए गए हैं। हर नागरिक एक पेड़ गोद ले, यही असली ऑक्सीजन प्लांट हैं जो हमें सालों तक जीवनदायिनी हवा देंगे। साथ ही प्लास्टिक का प्रयोग न करें और ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाएं।”
मौके पर मौजूद प्रमुख लोग:
वन क्षेत्राधिकारी जगदम्बा पाठक, प्रधानाचार्य विकेंद्र सिंह, जिला महामंत्री राजेश यादव उर्फ बबलू, मंडल अध्यक्ष उमेश प्रजापति, रेंजर अवधेश कुमार, डिप्टी रेंजर देवेन्द्र कुमार, मनीष तिवारी, अजितपति त्रिपाठी, प्रज्ञा मिश्रा, ग्राम प्रधान पूनम देवी, सूर्यभान सहानी सहित कई ग्रामीण व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
