महराजगंज (Uptv): सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम कटहरा टोला शहीदपुर में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 25 वर्षीय युवक अपनी प्रेमिका से शादी की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने टावर से कूदकर जान देने की धमकी दी, जिसके बाद ग्रामीणों और पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस की सूझबूझ और लंबी जद्दोजहद के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कटहरा टोला शहीदपुर निवासी इंसाद (25) पुत्र सिराजुद्दीन का अपनी ही एक रिश्तेदारी की एक युवती से पिछले 4-5 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक का दावा है कि दोनों शादी के लिए राजी थे, लेकिन युवती के परिजनों ने उसकी मर्जी के खिलाफ गांव के ही एक अन्य युवक से उसका विवाह तय कर दिया। विवाह की तारीख आगामी 5 और 6 जून निर्धारित की गई है।
इस फैसले से आहत इंसाद मानसिक तनाव व अवसाद में था और इसी के चलते गुरुवार तड़के करीब 6:00 बजे गांव के पूर्व प्रधान के घर के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
जैसे ही ग्रामीणों ने युवक को टावर पर देखा, मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही बागापार चौकी प्रभारी नागेंद्र मणि मयफोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने करीब 4 घंटे तक युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा।
अंततः पुलिस ने कूटनीतिक रास्ता अपनाया और युवती को कोतवाली बुलाया। इस आश्वासन के बाद युवक टावर से नीचे उतरा। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया, जहां दोनों पक्षों के बीच वार्ता जारी है।
सूत्रों की माने तो युवती ने युवक से शादी करने से इंकार कर दिया और अपने माता – पिता की पसंद से शादी करने की बात कही।
बागापार चौकी प्रभारी नागेंद्र मणि ने बताया की युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया था। कोतवाली में युवती ने स्पष्ट रूप से अपने परिजनों के निर्णय के अनुसार ही विवाह करने की सहमति जताई है। मौक़े पर शांति व्यवस्था कायम है।
