महराजगंज: जिले के सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मुडिला तिवारी निवासी विकास पटेल, जो मूल रूप से ग्रामीण परिवेश से आते हैं, जिन्होंने राजधानी दिल्ली में अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर छात्र राजनीति में एक सशक्त पहचान बनाई है।

उनके पिता रवि पटेल वर्तमान में जिला न्यायालय महराजगंज में नाजिर के पद पर कार्यरत हैं।
विकास पटेल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सैनिक स्कूल, लखनऊ से प्राप्त की। इसके उपरांत उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के स्कूल ऑफ लैंग्वेज से कोरियन भाषा में स्नातक एवं स्नातकोत्तर किया, साथ ही इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) से राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की। वर्तमान में वे जेएनयू के स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज में शोधार्थी हैं।

ये भी पढ़ें: छठ महापर्व पर महराजगंज में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता, डीएम-एसपी ने घाटों का किया निरीक्षण

विकास पटेल पिछले एक दशक से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के सक्रिय कार्यकर्ता हैं और संगठन में कई जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वर्तमान में वे ABVP दिल्ली प्रदेश के सह मंत्री हैं। छात्रहित, संगठन और राष्ट्रवाद के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें जेएनयू छात्र संघ चुनाव में ABVP की ओर से अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया गया है।

इस उपलब्धि पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि महाराजगंज की धरती ने हमेशा देश को प्रतिभाशाली और संस्कारित युवा दिए हैं। विकास पटेल ने जिस समर्पण, ईमानदारी और अनुशासन के साथ छात्र राजनीति में अपनी पहचान बनाई है, वह पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है।

ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर जेएनयू जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में नेतृत्व की भूमिका निभाना यह दर्शाता है कि मेहनत और निष्ठा से कोई भी शिखर तक पहुंच सकता है। मुझे विश्वास है कि विकास पटेल आने वाले समय में न केवल छात्र राजनीति बल्कि राष्ट्रीय जीवन में भी अपनी भूमिका को मजबूती से निभाएंगे।

केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने आगे कहा कि ऐसे युवा देश की नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच के प्रतीक हैं, जो शिक्षा और संगठन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान दे रहे हैं।

0Shares
error: Content is protected !!