महराजगंज: श्रावण मास के दूसरे सोमवार पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने सोमवार को निचलौल थाना क्षेत्र के कर्महिया चौराहे का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस ड्यूटी पॉइंट पर तैनात जवानों की हाजिरी, अनुशासन, वर्दी और सतर्कता की गहनता से जांच की।

एसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि श्रावण मास में मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने ड्यूटी में तैनात जवानों को विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्धों पर नजर रखने और अपराध नियंत्रण को लेकर मुस्तैद रहने का सख्त निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने कहा कि कर्महिया चौराहा एक अत्यंत महत्वपूर्ण व व्यस्त स्थान है, जहां अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था दोनों बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिस कर्मियों को आम जनता से समन्वय बनाकर कार्य करने, जनता से संवाद बढ़ाने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें: बाढ़ सुरक्षा को लेकर सतर्क हुआ प्रशासन, जिलाधिकारी ने किया बी – गैप बांध का निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए लगातार निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी संवाद कर सुरक्षा और यातायात में सहयोग की अपील की।
इस दौरान क्षेत्र की कानून व्यवस्था, अपराध पर नियंत्रण, व श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर व्यापक दिशा-निर्देश दिए गए।
