दुर्गम गांव में पहुंचा प्रशासनिक अमला, योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मौके पर लिए गए आवेदन

महराजगंज : जनपद के सबसे दुर्गम क्षेत्रों में शुमार सोहगीबरवा गांव में शनिवार को तहसील स्तरीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में समस्त जिलास्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र व्यक्तियों से आवेदन भी लिए गए। इस दौरान 5 क्षय रोगियों को पोषण किट वितरित की गई, जबकि 5 लाभार्थियों को आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कुल 350 लोगों का उपचार किया गया। इसके अलावा वृद्धावस्था, निराश्रित महिला और व्यक्तिगत शौचालय निर्माण सहित कई योजनाओं के लिए आवेदन भी प्राप्त हुए।

जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की मंशा अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आज के शिविर में 5 आयुष्मान कार्ड, 12 वृद्धावस्था पेंशन, 5 निराश्रित महिला पेंशन और 12 शौचालय निर्माण के लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिन पर नियत समय सीमा में कार्यवाही की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी सोहगीबरवा क्षेत्र के 4205 लोगों को आयुष्मान कार्ड, 434 को पीएम आवास, 161 को मुख्यमंत्री आवास योजना, 118 को वृद्धावस्था पेंशन, 59 को निराश्रित महिला पेंशन और 9 को दिव्यांगजन पेंशन का लाभ मिल चुका है। इस मौके पर पूजा कुमारी और सिताबी की गोद भराई तथा अंश व गुड़िया का अन्नप्राशन भी संपन्न कराया गया।

जिलाधिकारी ने घोषणा की कि सोहगीबरवा, शिकारपुर और भोथहा गांवों को विभिन्न योजनाओं से 100 प्रतिशत संतृप्त करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक माह सोहगीबरवा में तहसील स्तरीय शिविर का आयोजन किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक श्री सोमेंद्र मीणा ने ग्रामीणों से अपील की कि वे पुलिस से संबंधित समस्याएं निःसंकोच साझा करें। उन्होंने मंच से ही पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि वे पापलोगों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान करें।

ये भी पढें: हाईकोर्ट के आदेश पर महराजगंज में चला बुलडोज़र, 9 अवैध मकान ढहे, भारी पुलिस बल तैनात

शिविर के उपरांत जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन सोहगीबरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया और यूपीपीसीएल को अगस्त के अंत तक कार्य पूर्ण कर हैंडओवर करने का निर्देश दिया। साथ ही एसडीएम निचलौल को बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए भूमि चिन्हित करने को कहा। निरीक्षण के बाद परिसर में पौधरोपण भी किया गया।

इस अवसर पर डीएफओ श्री निरंजन सुर्वे राजेंद्र, सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला, एसडीएम श्री नंद प्रकाश मौर्य, डीडीओ श्री बी.एन. कन्नौजिया, पीडी श्री रामदरश चौधरी सहित समस्त जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

You missed

error: Content is protected !!