महराजगंज: जिले के श्यामदेउरवां क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही सामने आई है। बीते सोमवार की रात एक प्रसूता महिला को प्रसव पीड़ा उठने पर परिजन उसे लेकर श्यामदेउरवां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, लेकिन वहां ताला लटका मिला। निराश होकर लौट रहे परिजनों के सामने महिला की हालत बिगड़ गई और उसने सड़क पर ही बच्चे को जन्म दे दिया।

घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की है। ग्राम महम्मदा टोला ढरवा निवासी निक्की पत्नी विजय को अचानक प्रसव पीड़ा हुई। परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस को कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। मजबूर होकर परिजन बाइक से पीएचसी पहुंचे, जहां ताला बंद मिला। लौटते वक्त दर्द बढ़ने पर महिला ने सड़क किनारे ही बच्चे को जन्म दिया।

स्थानीय महिलाओं ने मानवीयता दिखाते हुए अंधेरे में प्रसव कराया। सौभाग्य से मां और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया है। लोगों ने आरोप लगाया कि श्यामदेउरवां पीएचसी अक्सर समय से पहले बंद कर दिया जाता है और रात की ड्यूटी में स्टाफ नदारद रहता है। ग्रामीणों ने जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

You missed

error: Content is protected !!