महराजगंज: केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने गुरुवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में शुरू किए जा रहे Sardar@150 – एकता मार्च (Unity March) की रूपरेखा साझा की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि “राष्ट्र की चेतना को जगाने वाला एक जन आंदोलन” है, जो आने वाले महीनों में देश और क्षेत्र के युवाओं को एकता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ेगा।
ये भी पढ़ें: स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही: बंद पीएचसी के ताले के बीच सड़क पर प्रसव, जच्चा – बच्चा दोनों सुरक्षित
पंकज चौधरी ने कहा “सरदार पटेल जी ने बिखरे भारत को जोड़कर अखंड भारत का निर्माण किया। उनकी अटूट निष्ठा और दृढ़ इच्छाशक्ति आज भी प्रेरणास्रोत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसी भावना को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं।”
ये भी पढ़ें: महराजगंज के विकास पटेल बने JNU छात्र राजनीति के प्रमुख चेहरा, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने दी शुभकामनाएं
उन्होंने बताया कि इस अभियान का डिजिटल चरण 6 अक्टूबर को केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के हाथों शुरू किया गया था। MY Bharat पोर्टल के माध्यम से देशभर के युवा निबंध, प्रतियोगिताओं और सोशल मीडिया अभियानों से जुड़ रहे हैं।
अब इस अभियान का दूसरा चरण 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगा, जिसमें क्षेत्र में पदयात्राएँ आयोजित होंगी। इन यात्राओं के दौरान योग शिविर, व्याख्यान, वाद-विवाद प्रतियोगिता और नशा मुक्त भारत का संकल्प जैसे कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल आयोजन नहीं बल्कि “जन-जागरण का महायज्ञ” होगा, जो लोगों के दिलों को जोड़ने का काम करेगा।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पदयात्राओं में स्कूल-कॉलेज के छात्र, एनएसएस और एनसीसी स्वयंसेवक, समाजसेवी, खिलाड़ी, रिटायर्ड अधिकारी और युवा आइकन शामिल होंगे। नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक झांकियाँ और प्रदर्शनी के माध्यम से सरदार पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान का सबसे ऐतिहासिक अध्याय 26 नवंबर संविधान दिवस के दिन शुरू होगा, जब देशभर से चुने गए पदयात्री सरदार पटेल की जन्मभूमि करमसद से Statue of Unity, केवड़िया तक 152 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे।
पंकज चौधरी ने कहा “सरदार पटेल जी ने रियासतों को जोड़ा था, अब हमें सपनों और दिलों को जोड़ना है। यह हमारी पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि हम उनके अखंड भारत के स्वप्न को आत्मनिर्भर और विकसित भारत के रूप में साकार करें।इस दौरान पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, पूर्व विधायक शिवेंद्र सिंह चौधरी,पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, अमरेंद्र पांडेय, अमरनाथ पटेल, ओमप्रकाश पटेल, संतोष सिंह,शैलेश पांडेय,नागेंद्र मल्ल,अंशु पांडेय, गोलू सिंह,सुशील श्रीवास्तव मौजूद रहे।
