महराजगंज: भारत–नेपाल सीमा से सटे नौतनवा नगर में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक पिता ने अपने दो मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ही घर से तीन मौतों की खबर फैलते ही पूरे इलाके में मातम और सन्नाटा पसर गया।

नौतनवा नगर पालिका के गांधीनगर वार्ड के रहने वाले अमरेश कुमार अपनी पत्नी वंदना कुमारी और दो छोटे बच्चों के साथ किराए के मकान में रहते थे। वंदना कुमारी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 66वीं वाहिनी मुख्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात हैं। बताया जा रहा है कि रविवार को वह रोज की तरह ड्यूटी पर चली गई थीं। घर में अमरेश अपने चार वर्षीय बेटी कंचन और तीन वर्षीय बेटे अमरेंद्र के साथ था।

आरोप है कि इसी दौरान अमरेश ने पहले दोनों मासूम बच्चों का रस्सी से गला कसकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। घर के अंदर का मंजर देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।

सूचना पर नौतनवा पुलिस और एसएसबी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। कमरे की जांच के दौरान दीवार पर लिखा एक दर्दभरा संदेश और सुसाइड नोट भी मिला है, जिससे पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।

You missed

error: Content is protected !!