महराजगंज: जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने ग्राम पंचायत खोस्टा में आयोजित ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं और विकास कार्यों का जमीनी सत्यापन किया। प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित चौपाल की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती व आदिवासी नायक बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई।

चौपाल को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम पर जोर देते हुए कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर फॉर्म 6, 7 और 8 उपलब्ध करा रहे हैं।

उन्होंने ग्रामीणों को सलाह दी कि ये प्रपत्र निर्धारित समय में बीएलओ को सौंपें, जिससे सटीक और शुद्ध मतदाता सूची तैयार की जा सके। डीएम ने आश्वस्त किया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से बाहर नहीं होने दिया जाएगा।

पराली जलाने के मुद्दे पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पराली जलाना दंडनीय अपराध है और इस पर ₹50,000 तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पराली जलाने की घटनाओं की निगरानी सैटेलाइट तकनीक से की जा रही है और किसानों के खेतों की मैपिंग भी की जा रही है। साथ ही ग्राम प्रधान को डुगडुगी के जरिए किसानों में जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए गए।

आयुष्मान कार्ड वितरण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनाए जा रहे हैं। उन्होंने ऐसे सभी पात्र नागरिकों से अपना कार्ड जल्द बनवाने की अपील की।

चौपाल में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार गांव की कुल आबादी 3400 और कुल परिवार 512 हैं। प्रधानमंत्री आवास के 125, वृद्धा पेंशन 194, विधवा पेंशन 58 और दिव्यांग पेंशन 25 लाभार्थी हैं। 832 ग्रामीणों के पास व्यक्तिगत शौचालय हैं। स्वास्थ्य शिविर में 246 मरीजों का परीक्षण कर दवाएं वितरित की गईं। कृषि विभाग ने फार्मर रजिस्ट्री में 50 किसानों का पंजीकरण किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत राज अधिकारी, मनरेगा, समाज कल्याण, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ग्राम प्रधान दीपक जायसवाल और प्रधान संघ अध्यक्ष अनिल जोशी ने जिलाधिकारी का स्वागत किया।

You missed

error: Content is protected !!