महराजगंज: पंचायती राज समिति के सभापति और सिसवा विधायक प्रेमसागर पटेल के जनपद में प्रथम आगमन पर गुरुवार को जोरदार स्वागत हुआ। जनपद की सीमा में प्रवेश करते ही पंचायत प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और अधिकारियों ने फूलमालाओं से उनका अभिनंदन किया।
गोरखपुर-महराजगंज मार्ग पर कतरारी, श्यामदेउरवा, परतावल, भिटौली, शिकारपुर, पुरैना, घुघली होते हुए सभापति प्रेमसागर पटेल सिसवा पहुंचे, जहां उन्होंने बऊरहवा बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद सिसवा, मिठौरा, निचलौल और सदर ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए।
डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। हर जगह जयकारों और नारों के बीच स्वागत का माहौल बना रहा।

सभाओं को संबोधित करते हुए प्रेमसागर पटेल ने कहा कि पंचायत स्तर के विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि गांव-गांव तक विकास पहुंचे और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन ग्राम पंचायतों के भुगतान लंबित हैं, उन्हें जल्द जारी कराया जाएगा। पेंडिंग योजनाओं को पूरा करने की दिशा में तेजी से कदम उठाए जाएंगे। भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई और शिकायतों की जांच समिति स्तर पर कराने की बात भी उन्होंने दोहराई।
ये भी पढ़ें: सिसवा के निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत, ऑपरेशन के बाद संचालक-स्टाफ फरार, परिजनों का हंगामा, मुकदमा दर्ज
स्वागत समारोहों में डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, बीडीओ संतोष कुमार यादव, राहुल सागर, प्रधान संघ जिलाध्यक्ष अनिल जोशी, ज्ञानेंद्र त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
