महराजगंज: ग्राम पंचायत कोटा मुकुन्दपुर के प्राथमिक विद्यालय परिसर में शनिवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा व पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने संयुक्त रूप से ग्राम चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं जानी।

जिलाधिकारी ने कहा कि एसआईआर के तहत निर्वाचन नामावलियों के अद्यतन कार्य में किसी भी पात्र मतदाता का नाम नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने बताया कि फॉर्म 6, 7 और 8 बीएलओ द्वारा ग्रामीणों को उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे सही जानकारी के साथ भरना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्रों का नाम सूची से नहीं कटेगा, जबकि मृत या अपात्र लोगों के नाम हटाए जाएंगे।

महिलाओं की सुरक्षा पर बोलते हुए डीएम ने कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़खानी या घरेलू हिंसा की सूचना महिला हेल्पलाइन 1090 पर दी जा सकती है। इसके लिए विशेष फोर्स तैनात है।
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने ग्रामीणों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि “शांति ही खुशहाली का मार्ग है।”
चौपाल में वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन की स्थिति की समीक्षा की गई तथा 8 नए पात्रों का ऑनलाइन आवेदन किया गया। स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल यूनिट द्वारा 114 लोगों की जांच और 116 लोगों का उपचार किया गया।
कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. कान्त शुक्ला, एसडीएम जितेन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी भोलानाथ कन्नौजिया, सहित तमाम विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान गौतम पटेल, ग्राम विकास अधिकारी विष्णु प्रिया, एडीओ पंचायत सुरेश चन्द कन्नौजिया व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
