महराजगंज: हाईकोर्ट के सख्त निर्देश के बाद गुरुवार को महराजगंज के सदर कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर 04 अमरुतियां ख़ास में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. सड़क और खाद गड्ढे की जमीन पर बने 09 अवैध मकानों को बुलडोज़ किया गया है.
यह पूरी कार्रवाई सदर नायब तहसीलदार देशदीपक त्रिपाठी और विवेक श्रीवास्तव की अगुवाई में राजस्व विभाग और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई. मौके पर 04 थानों की फोर्स मौके पर तैनात रही, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके.
मिली जानकारी के मुताबिक, ये मकान गाटा संख्या 309 और 585 पर स्थित सड़क और खाद गड्ढे की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाए गए थे.
ये भी पढ़ें : सरकारी ड्रेन पर अवैध कब्जे को लेकर ग्राम प्रधानों का हल्ला बोल, कार्रवाई न होने पर जताई नाराजगी
स्थानीय निवासी सरविंद पुत्र स्व0 नागेश्वर ने इन कब्जों के खिलाफ उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल की थी, जिसके बाद कोर्ट ने 09 मकानों को बेदखली का निर्देश दिया था. पहले आदेश की अनदेखी के बाद कोर्ट ने राजस्व विभाग को सख्त हिदायत दी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई.
बारिश के मौसम में बेघर हुए लोगों ने सवाल उठाए हैं कि अब वे अपने परिवार को लेकर कहां जाएं।
इलाके में तनावपूर्ण शांति का माहौल है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
