महराजगंज ( पनियरा ): विकास खंड के अंतर्गत वीर बहादुर सिंह इंटर कॉलेज में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने मिलकर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में दर्जनों पौधे लगाए गए, जिनमें आम, अमरूद, नीम, पीपल, गुलमोहर आदि पौधे प्रमुख रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सतीश सिंह ने पौधारोपण कर किया। उन्होंने बताया कि उनके विद्यालय में न सिर्फ शिक्षा बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी छात्रों में विकसित की जाती है। सतीश सिंह ने कहा, “हमारे विद्यालय में अनाथ, निर्धन और आशा की किरण बने बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी जाती है, ताकि वे भी समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी हमारी प्राथमिकता है।”
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी ली और शपथ ली कि वे पर्यावरण संरक्षण हेतु आगे भी ऐसे कार्यक्रम करते रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों द्वारा पर्यावरण जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें “हरित पर्यावरण, स्वस्थ जीवन”, “एक पेड़ दस बेटे समान” जैसे नारे गूंजते रहे।
